पुलिस की गिरफ्त में घर मे चोरी के आरोपी। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव बिल्सड़ पट्टी निवासी शिक्षक कमल दीक्षित ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें रविवार की रात बक्से का ताला तोड़कर 15 लाख रुपये चोरी करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने शिक्षक के पुत्र के दोस्त सहित दो को सोमवार की रात इमादपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। 11 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की घटना का 24 घंटे में सफल ही खुलासा कर आरोपी मयंक और पवन कुमार श्रीवास्तव निवासी बिल्सड़ पट्टी को गिरफ्तार किया गया है। सरसों के खेत से 10 लाख 99 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं। मयंक शिक्षक के पुत्र का दोस्त है और एक ही परिवार के हैं। इसके चलते घर आना-जाना था। परिजनों द्वारा रकम गिनते हुए मयंक ने देख ली थी।
करीब दस दिन पूर्व मयंक ने शिक्षक के पुत्र से आग्रह कर बक्से की वीडियो बना ली। जिसमें नोटों की गड्डियां और शिक्षक के पुत्र का चेहरा दिख रहा था। उसे फेसबुक पर अपलोड कर दिया। कुछ समय बाद डिलीट भी कर दिया था। यहां से मयंक के मन में लालच आ गया। जब परिवार कासगंज गया था तभी मौका पाते ही सीढ़ियों के दरवाजे को तोड़कर वारदात को अंजाम दे दिया। एसएसपी ने बताया कि चोरी 11 लाख रुपये की ही हुई थी। इसमें से 500 रुपये शराब पीने में खर्च किए बाकी खेत में छुपा दिए।