एटा। नगर पालिका परिषद की मंगलवार को प्रस्तावित वित्तीय वर्ष 2021-22 की बजट बैठक को निरस्त कर दिया गया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। अब दशहरे के बाद बैठक की तिथि निर्धारित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक कुमार मिश्र ने सोमवार को बताया कि जिले में मंगलवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एक कार्यक्रम में आगमन है। इस कारण बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल उपलब्ध नहीं हो सकेगा। ऐसी स्थिति में पालिका की बोर्ड बैठक को निरस्त करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए जिले के चारों मजिस्ट्रेटों की ट्रेनिंग चल रही है। इस वजह से बैठक में मजिस्ट्रेट को नामित नहीं किया जा सकता है। गौरतलब है इससे पहले नगर पालिका की बजट बैठक दो बार सभासदों की ओर से बहिष्कार करने की वजह से निरस्त कर दी गई थी। पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी ने बताया कि बैठक की जल्द ही अन्य तारीख तय की जाएगी।