एटा। सकीट ब्लॉक क्षेत्र के गांव सैदपुर में कक्षा 10 तक मॉडर्न पब्लिक स्कूल बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा था। शुक्रवार को इस विद्यालय पर कार्रवाई की गई। शिक्षा विभाग ने विद्यालय को बंद करा दिया और भविष्य में बिना मान्यता के इसे संचालित न करने की चेतावनी जारी की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार को सकीट क्षेत्र के सैदपुर गांव में संचालित मॉडर्न पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। यहां पर शिक्षिका अंशिका सिंह और प्रिया चतुर्वेदी, शिक्षक राकेश कुमार, राजीव कुमार, आशीष कुमार और आलोक कुमार अध्यापन कार्य कर रहे थे। विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 10 तक की कक्षाएं संचालित की जा रहीं थीं। यहां पर एक ही कक्ष में दो कक्षाएं संचालित की जा रहीं थीं।
इसमें कुल 172 छात्र-छात्राएं पढ़ते मिले। उपस्थित अध्यापकों से छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिकाएं अवलोकन के लिए मांगी गईं लेकिन उन्होंने सभी अभिलेख प्रबंधक मोहम्मद संतोष के पास अलमारी में बंद होना बताया। प्रबंधक विद्यालय नहीं आए थे।
निरीक्षण के समय कक्षा एक में 22, दो में 20, तीन में 15, चार में 20, पांच में 21, छह और सात में 30, आठ और नौ में 32 और कक्षा 10 में 12 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि विद्यालय गैर मान्यता प्राप्त था इसे बंद करा दिया गया है और चेतावनी जारी की है कि भविष्य में विद्यालय बिना मान्यता के संचालित नहीं किया जाएगा।