एटा। खेत में हो रही धान की रोपाई के समय पानी रोकने गए किसान की नाले में डूबने से शुक्रवार को मौत हो गई। मलावन थाना क्षेत्र के गांव पुरा स्थित नाले के पानी में परिजन ने लगभग 2 घंटे तक तलाश की तब कहीं जाकर शव मिला।
गांव पुरा निवासी शिशुपाल सिंह ने बताया कि ताऊ विष्णुदयाल (52) के खेत में धान की रोपाई की जा रही थी। शुक्रवार सुबह खेत पर मजदूर काम कर रहे थे। धान की रोपाई के लिए खेत में पानी पूरा हो गया तो बिना किसी को बताए विष्णुदयाल पानी बंद करने के लिए नाले की ओर चले गए। वहां मिट्टी रखते समय किसी तरीके से पैर फिसल गया और वह गहरे नाले में डूब गए। काफी देर तक जब खेत पर वापस नहीं लौटे तो परिजन व अन्य लोग इधर-उधर उनकी तलाश करने लगे।
सब लोग उनको तलाशते हुए नाले के पास पहुंचे। वहां काम कर रहे एक किसान ने बताया कि वह पानी बंद करने के लिए नाले के पास आए थे लेकिन उसके बाद पता नहीं कहां चले गए। किसान की बात सुनने के बाद सब लोग पानी बंद करने के लिए मिट्टी रखी थी वहां पहुंचे। वहां फिसलने के कुछ निशान दिखाई दिए।
यह देखकर परिजन व गांव के गोताखोरों ने नाले के अंदर पानी में घुसकर किसान की तलाश शुरू की। लगभग 2 घंटे तक पानी के अंदर ढूंढने के बाद विष्णुदयाल का शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सब का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक विष्णुदयाल पांच भाइयों में सबसे बड़े थे।