कचहरी मार्ग पर जिला कारागार के बाहर कार्य करते श्रमिक। संवाद
एटा। शहर को नई पहचान देने और प्रमुख मार्गों को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। नवयुग योजना के तहत कचहरी रोड से आगरा रोड तक गौरव पथ का निर्माण कराया जा रहा है। यह मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं होगा बल्कि आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक सौंदर्यीकरण के साथ शहर की शान के रूप में विकसित किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह ने बताया कि परियोजना पर वर्तमान में लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है जबकि इसकी कुल प्रस्तावित लागत आठ करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। योजना के तहत पूरे मार्ग को विशेष रूप से विकसित कर उसे गौरव पथ का स्वरूप दिया जाएगा। बताया कि मार्ग के दोनों ओर आकर्षक एवं ऊर्जा दक्ष स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय भी सड़क जगमगाती रहेगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे पौधरोपण किया जाएगा व पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। इससे मार्ग की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ शहर का पर्यावरण भी बेहतर होगा। गौरव पथ की विशेषता यह होगी कि यहां देशभक्ति और प्रेरणा का संदेश देने वाले शहीदों से जुड़े विचार और नारे प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा राहगीरों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक बेंच स्थापित की जाएंगी जहां लोग विश्राम कर सकेंगे।
गौरव पथ के निर्माण से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं से यह मार्ग शहरवासियों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।