एटा। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जिले के माध्यमिक एवं बेसिक परिषदीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण, स्लोगन प्रतियोगिता तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। एमएम राजकीय हाई स्कूल आलमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लिंगानुपात जैसे ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा विचार-विमर्श किया गया तथा समाज में समानता एवं सम्मान की भावना को सशक्त करने का संदेश दिया गया। इन सभी कार्यक्रमों का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार की अगुवाई में किया जा रहा है।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील बनाना है।