एटा। एक व्यक्ति ने थाना सकीट में नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित किशोरी के पिता ने बताया कि घटना 2 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि बिहारपुरा निवासी अंकित ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी होने पर पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनको भी जान से मारने की धमकी दी। दुर्घटना के बाद उन्होंने सकीट थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
सीओ सकीट नितीश गर्ग ने बताया कि आरोपी अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।