हादसे के बाद सड़क पर पड़े घायल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा के अलीगंज में घर से कार में हवा डलवाने की बात कहकर निकले 17 वर्षीय किशोर की लापरवाही ने तीन लोगों की जान ले ली। बुधवार दोपहर ग्राम लडसिया के पास किशोर की कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में सिमराई गांव निवासी सैफ मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय अश्विनी और सरोजनी देवी ने हायर सेंटर रेफर किए जाने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार अलीगंज के ग्राम देहलई निवासी 17 वर्षीय किशोर बुधवार को परिजनों से कार में हवा डलवाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके साथ 12 वर्षीय उसका साथी भी था। दोनों कार की चाबी लेकर घर से निकले थे। ग्राम लडसिया के पास पहुंचते ही कार की चपेट में आकर दो मोटरसाइकिलें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि सिमराई गांव निवासी सैफ मोहम्मद अपनी मोटरसाइकिल से मोबाइल ठीक कराने के लिए अलीगंज जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक कार की चपेट में आ गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर 54 वर्षीय सरोजनी देवी पत्नी गोपीचंद अपने बेटे भूपेंद्र के साथ बैठी थीं। कार की टक्कर से दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार 12 वर्षीय बालक समेत कई लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सैफ मोहम्मद पुत्र फैजान अली निवासी ग्राम सिमराई को मृत घोषित कर दिया। अश्विनी और सरोजनी देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दोनों की मौत हो गई।
हादसे में तीन लोगों की माैत हो गई। वहीं भूपेंद्र का उपचार किया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, तहसीलदार संजय सिंह और विधायक पुत्र सूरज राठौड़ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतकों के शवों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।