एटा/अलीगंज। शहर में बृहस्पतिवार को पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही जिसकी वजह से पारा लुढ़क गया और सर्दी बढ़ गई। सुबह से ही बादल छाए रहे और हल्की बारिश की बौछारों ने लोगों को सर्दी का अहसास दिला दिया। वहीं इससे तंबाकू किसान चिंतित हो उठे।
शहर में बृहस्पतिवार सुबह करीब 4 बजे रिमझिम बारिश हुई उसके बाद बंद हो गई। पूरी दिन बारिश होने का सिलसिला चलता रहा। बारिश होने की वजह से पारा 2 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया जिससे लोग सर्दी का अहसास करते रहे। वहीं सड़कों पर लोग बारिश में भीगने से बचने के लिए आसपास की दुकानों के नीचे खड़े नजर आए।
अलीगंज में सुबह हुई बारिश से तंबाकू किसानों की धड़कनें तेज हो गईं। क्षेत्र के अधिकतर किसान तंबाकू की फसल पर ही निर्भर हैं। लगभग तीन चार साल से तंबाकू की फसल से घाटा खा रहा किसान को इस साल तंबाकू की फसल से उम्मीदें जागी हैं। बिगड़ते मौसम के कारण किसान परेेशान दिखाई दे रहा है। कृषक रामवीर सिंह,चेतराम, अहिवरन सिंह, वासुदेव सिंह, आनंद शाक्य आदि ने बताया कि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है।