जिला अस्पताल में बुधवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पद का चार्ज लेते डॉ. राजेश गुप्ता। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। मेडिकल कॉलेज में कई दिनों से प्रभारी प्राचार्य और फैकल्टी के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। इस बीच प्रभारी प्राचार्य को बदल दिया गया है। अब यहां बांदा से डॉ. राजेश गुप्ता को भेजा गया है। बुधवार को यहां पहुंचकर उन्होंने प्राचार्य का पदभार संभाल लिया। जबकि अब तक प्रभारी रहे डॉ. राजेश अग्रवाल जिला अस्पताल के सीएमएस के रूप में कार्य करेंगे।
बीते दिनों अव्यवस्था व अन्य कई कार्यों के चलते फैकल्टी ने समितियों से त्यागपत्र दे दिया था। उन्होंने बायलॉज न होने की बात कही थी। मामला शासन तक पहुंचा तो प्रभारी प्राचार्य को हटा दिया गया है। बांदा में इसी पद से डॉ. राजेश गुप्ता को यहां भेजा गया है। पदभार लेने के बाद उन्होंने जिला अस्पताल में फैकल्टी के साथ बैठक की। इसके बाद वह मारहरा रोड पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं को देखने गए। असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल मेडिकल एजूकेशन एनसी प्रजापति ने बताया कि एटा में प्राचार्य का पद रिक्त चल रहा था। सीएमएस को प्रभारी बनाया गया था। अब डॉ. राजेश गुप्ता को नियमित प्राचार्य बनाकर भेजा गया है।