मारहरा क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर निहालपुर के बाद अब मिरहची के गांव दौलतपुर में खसरा ने पैर पसार लिए हैं। अब्दुलापुर निहालपुर अभी तक टीम नहीं पहुंची है, जबकि जानकारी पर हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव दौलतपुर में डेरा डाल लिया है। टीम ने 18 मरीजों के पंजीकरण कर दवाएं वितरण कीं।
बता दें कि लोहिया गांव दौलतपुर में लोग पिछले एक सप्ताह से खसरा की चपेट में है। रोगियों की संख्या बढ़ती देख ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र मिरहची पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद गुरुवार को टीम ने मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दीं। जांच के दौरान 18 मरीज खसरे के मिले। टीम में चिकित्सक डॉ. विक्रम शर्मा, फार्मासिस्ट जंगबहादुर, बीएचडब्ल्यू आरसी पचौरी, एएनएम गायत्री देवी और सतीष कुमार मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना था कि प्रभारी चिकित्साधिकारी गांव में कम ही आते हैं। समय समय पर विजिट करें, तो शायद स्थिति काबू में होती। इधर, कस्बा मारहरा के गांव अब्दुल्लापुर निहालपुर में फैले खसरा से लगभग आधे गांव के बडे़ और बच्चे शिकार हैं। लेकिन अभी तक टीम नहीं पहुंची है। ग्रामीणाें में रोष व्याप्त है।