प्राइवेट नर्सिंग होम पर प्रसूता की मौत के बाद जानकारी करती पुलिस। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कैलाश मंदिर के पीछे एक गली में संचालित अपंजीकृत नर्सिंग होम पर सोमवार रात एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का अरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस को नर्सिंग होम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शहर के मोहल्ला एमपी नगर निवासी सचिन गुप्ता ने बताया कि उनके भाई रिंकू गुप्ता की 24 वर्षीय पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा हुई। सोमवार रात उन्हें लेकर शहर के एक नर्सिंग होम गए। जहां चिकित्सक नहीं मिला। बाद में जिला महिला अस्पताल ले गए।
वहां कोई सुविधा न दिए जाने पर यहां लेकर आए। रात करीब 12.20 बजे बच्ची का जन्म हुआ, लेेकिन प्रसव के बाद पूजा की हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने सभी को बाहर निकाल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण पूजा की हालत ज्यादा बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस पहुंची। नर्सिंग होम का गेट अंदर से बंद था। पुलिस लोगों से पूछताछ कर लौट गई। वहीं परिजन पूजा के शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे हैं।
नोटिस चस्पा होने की हुई थी कार्रवाई
बीते वर्ष इसी नर्सिंग होम पर तत्कालीन एसडीएम सदर अबुल कलाम व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी। गेट अंदर से बंद होने के कारण बाहर नोटिस चस्पा कर लौट गए। बाद में कोई कार्रवाई नहीं हुई और नर्सिंग होम चलता रहा।
सब कुछ जानते हुए भी नहीं होती कार्रवाई
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में अपंजीकृत क्लीनिक व नर्सिंग होम की भरमार है। अप्रशिक्षित लोगों द्वारा इलाज व प्रसव किए जा रहे हैं। सब कुछ जानते हुए भी स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता है।