फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कबाड़ की तीन गोदाम में भीषण आग, चार लोग हुए जख्मी

विज्ञापन
कबाड़ गोदाम में लगी आग से उठतीं लपटें।संवाद - फोटो : ETAH
विज्ञापन
एटा। जीटी रोड स्थित रेलवे पुल के पास संगम विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर गाड़ियों के तीन कबाड़ गोदामों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आए चार लोग झुलसकर जख्मी हो गए। ऊंची-ऊंची लपटों और लगभग एक किमी क्षेत्र में धुआं फैला हुआ था। इस दौरान एक सिलिंडर फटने से दहशत का माहौल बन गया। दमकल कर्मी दो घंटे से अधिक समय में आग पर काबू पा सके। ग्रामीणों ने बताया कि एलपीजी गैस सिलिंडर से गाड़ी काटी जा रही थी। जिसके चलते हादसा हुआ है।
विज्ञापन

निधौलीकलां निवासी बॉबी का संगम विहार में कबाड़ा का गोदाम है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे गैस कटर से उसके गोदाम में गाड़ी काटी जा रही थी। अचानक सिलिंडर से गैस लीक हुई और आग लग गई। लोग कुछ समझ और कर पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान आग पड़ोस के कबाड़ की गोदामों में भी पहुंच गई। वहां रखा एक एलपीजी गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। जिससे भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर और देहात की पुलिस ने तमाशबीनों को वहां से हटाया। इस दौरान दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं, लेकिन पानी कम पड़ गया और गाड़ियों को पानी लेने के लिए बार-बार फायर स्टेशन जाना पड़ा। अग्निकांड में झुलसे चारों लोगों को परिजन निजी चिकित्सकों के यहां ले गए।
धमाकों से सहमे रहे लोग
आग इतनी भयंकर थी कि वहां मौजूद लोगों की कुछ समझ में नहीं आ रहा था। आग में बार-बार धमाके हो रहे थे। इससे वहां मौजूद लोगों सहित आसपास की रिहायशी बस्तियों के लोग सहमे रहे। हालांकि, यह पता नहीं लग सका कि धमाके किसके फटने से हो रहे थे।
विज्ञापन

धुएं का गुबार देख दौड़ रहे थे लोग
कबाड़ के गोदामों से धुएं का गुबार शहर से लेकर अलीगढ़ की ओर जीटी रोड और कासगंज रोड पर भी दूर-दूर तक नजर आ रहा था। उसे देख लोग बड़े हादसे का अंदाजा लगा घटना स्थल की तरफ दौड़ रहे थे। वहीं मोहल्ले की एक छत से लगातार आग बुझाने के लिए पानी डाला जा रहा था।
गाड़ियां थीं मौजूद तो जल्दी पाया आग पर काबू
बुधवार को किसान यूनियन के धरने के कारण अलीगंज से भी दमकल की गाड़ियों को बुला लिया गया था। तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने में जल्द मदद मिल गई। नहीं तो आग पर काबू पाने में और देर लग सकती थी।
अग्निशमन अधिकारी ने तोड़ा ताला
गोदाम में एक प्लास्टिक का चैंबर भी बना हुआ था। जिसमें गोदाम मालिक द्वारा ताला डाल दिया गया था। इस चैंबर से बार-बार धमाकों की आवाज आ रही थी। अग्निशमन अधिकारी केतन ने ताले को तोड़ा और आग बुझाया। वहां बैटरी रखी हुई थीं।
काटी जाती थीं चोरी की गाड़ियां
स्थानीय लोगों ने बताया यहां चोरी की गाड़ियों को काटा जाता था। कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने कई बार अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। दीपावली पर्व पर भी यहां आग लगी थी। जिसमें तीन बच्चे झुलस गए थे, 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया, लेकिन बाद में कुछ नहीं हुआ।
इनके गोदामों में लगी आग
संगम विहार में बुधवार को बॉबी, शाकिर व इमरान के गोदामों में आग लगी। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि शाकिर मारहरा के रहने वाले हैं। उनका चेहरा आग से झुलस गया है। जबकि तीन अन्य भी घायल हैं।
विज्ञापन

लाखों का हुआ नुकसान
कबाड़ के तीनों गोदामों में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल राजकुमार का कहना है कि दो से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें