एटा। थाना अवागढ़ में पीएसी जवान विकास निवासी जगतपुर ने नीतू निवासी बरी रोड थाना ठाकुरगंज लखनऊ सहित 3 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि महिला ने अपनी पूर्व की शादी को छुपाते हुए धोखाधड़ी से शादी की। जानकारी होने पर अब फोन पर धमकी देती है। फेसबुक के माध्यम से मित्रता हुई थी, बाद में आर्य समाज मंदिर में विवाह हुआ।
विकास ने बताया कि वह वर्तमान में 15वीं बटालियन पीएसी आगरा में तैनात है। अक्तूबर 2022 में सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से उसकी मित्रता नीतू निवासी पालीगंज बारी रोड जिला लखनऊ से हुई। कुछ दिनों बाद नीतू विवाह की बात करने लगी। 5 जून 2023 को अपनी मां सुनीता, भाई अंशु को लेकर मेरे गांव जगतपुर आकर घर वालों से विवाह की बात की। कहा कि परिवार आर्य समाज को मानता है इसलिए हम दिखावा न करते हुए मंदिर में विवाह करेंगे।
15 जून को हिंदू रीति रिवाज से आर्य समाज मंदिर लखनऊ में विवाह हो गया। विवाह पंजीकरण के लिए फॉर्म भी भर दिया। 8 सितंबर को जब मैं छुट्टी लेकर गांव आया तो नीतू घर पर मौजूद थी। उसी रात लगभग 12 बजे उसके फोन पर कॉल आई। जब फोन उठाकर मैंने हैलो किया तो फोन कट गया। कुछ समय बाद नीतू का फोन चेक किया तो उसके पति विशाल यादव और 6 वर्षीय पुत्री तुलसी यादव के बारे में मालूम पड़ा। जब नीतू से पूछताछ की तो वह विवाद करने लगी। माता-पिता ने समझाया और हम लोग सो गए।
इसके बाद सुबह 6 बजे जब उठे तो देखा घर के दरवाजे खुले थे। नीतू घर से 5 लाख रुपये और सोने की दो अंगूठी लेकर फरार हो गई थी। फोन करने पर वह धमकी देने लगी। शिकायत करने थाने पहुंचे, तो वहां से कहा गया कि उच्चाधिकारियों से लिखवाकर लाओ, पति-पत्नी का मामला है। एसएसपी के यहां रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तब जाकर न्यायालय की शरण ली और मुकदमा दर्ज किया गया है।