एटा/जलेसर। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में 1 मई को बाजार बंद रखे जाएंगे। एटा व्यापार मंडल ने इसका एलान किया है। इसके तहत दोपहर 1 बजे तक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर घटना का विरोध जताएंगे।
नगर अध्यक्ष अतुल राठी ने कहा कि निर्दोष लोगों की निर्मम तरीके से हत्या करने वाले आतंकियों का एवं उनको सरंक्षण देने वाले पाकिस्तान का विरोध इस बंद के जरिए किया जाएगा। पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित यह आतंकवाद विश्व की मानवता के लिए खतरा है। राष्ट्र एवं समाज हित में इस आतंकवाद का पुरजोर विरोध हर व्यापारी के साथ ही आम नागरिक भी जरूर करे। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे सभी व्यापारी घंटाघर पर एकत्रित होंगे। यहां से कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
वहीं, मंगलवार को जलेसर में उद्योग व्यापार मंडल की बैठक का आयोजन किया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि संजीव वर्मा के कैंप कार्यालय पर यह बैठक हुई। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष आदित्य मित्तल ने व्यापारियों से 1 मई को संपूर्ण जलेसर बाजार बंदी का प्रस्ताव रखा। जिस पर सभी व्यापारियों ने समर्थन किया। कपिल गुप्ता, विवेक जैन, गौरव वार्ष्णेय, विशन वार्ष्णेय, वीरेंद्र, अंकुर राठी, दीपक राठी, उमंग राठी, सोनू सराफ आदि व्यापारी मौजूद रहे।