नोट बंदी से जूझ रही जनता को केंद्र सरकार ने एक और झटका दिया है। जनधन खातों में कैश जमा करने पर रोक लगा दी है। बैंकों ने इस बाबत नोटिस चस्पा कर दिए। बुधवार को बैंकों ने जनधन खातों में नकदी जमा नहीं की गई। इससे जिले के करीब चार लाख खाताधारकों की दिक्कतें बढ़ गई है।
नोट बंदी के बाद केंद्र सरकार और आरबीआई के फैसले जनता की दिक्कतें बढ़ाते जा रहे हैं। पहले सहकारी बैंकों में पुराने नोट जमा करने पर रोक लगाई गई। अब जनधन योजना के तहत खोले गए खातों में नकदी जमा कराने पर रोक लगा दी है। बैंक अफसरों के मुताबिक इन खातोें मेें नोट बंदी के बाद से करोड़ों रुपये जमा हो गए हैं।
इसके चलते रोक लगाई है। बुधवार को आरबीआई के निर्देश पर अमल भी किया गया। जिले के सभी बैंकों में इन खातों में कोई नकदी जमा नहीं की गई। सराय अगहत स्थित स्टेट बैंक शाखा में नोटिस चस्पा किए जाने से लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। सुबह छह बजे से लाइन मे लगे लोगों को करीब 10 बजे के बाद आदेश की जानकारी हुई। ऐसे में लोग सरकार के फैसले को कोसते लौटे।
लाइन में लगे लोगों को चाय पिलाई
स्टेट बैंक पर धन निकासी के लिए लाइन में लगे लोगों को बुधवार की सुबह राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की ओर से चाय बांटी गई। चाय का यह वितरण आरएसएस के खंड कार्यवाह अंबरीश जैन, निर्मल गुप्ता, आदेश दुबे, प्रदीप मिश्रा आदि ने कराया।