एटा। बरेली डिपो की बस में एक यात्री के साथ मारपीट कर दी गई। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने परिचालक को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में अधिकारियों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मामला शुक्रवार देर रात का है। मारहरा निवासी फहीमुद्दीन एटा से मिरहची जाने के लिए बरेली डिपो की बस (1174) में सवार हुआ। सीट पर बैठने को लेकर फहीमुद्दीन का परिचालक शादाब निवासी मैनपुरी से विवाद हो गया। फहीमुद्दीन का आरोप है कि परिचालक शादाब ने उसके साथ मारपीट कर दी।
फहीमुद्दीन ने मामले की शिकायत फोन पर पुलिस से की। थाना मिरहची के समीप पहुंचने पर तो पुलिस ने परिचालक और यात्री को उतारकर थाने में बैठा लिया। इधर मामले की जानकारी पर एआरएम राजेश यादव ने बरेली के एआरएम से वार्ता की।
उन्हें संपूर्ण प्रकरण से अवगत कराया। वहीं एआरएम बरेली चीनी प्रसाद ने बताया कि परिचालक का यात्री से मारपीट का प्रकरण प्रकाश में आया है। मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। अब परिचालक के लौटने पर उससे जानकारी की जाएगी। यदि यात्रियों से अभद्रता और मारपीट में वह दोषी पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।