होली से चार दिन पूर्व मानपुर नाले में भारी मात्रा में अवैध असलहों से भरी बोरी मिलने से बुधवार को सनसनी फैल गई। आधा घंटा में कोतवाली देहात पुलिस ने नाला के पास गड्ढा खोदकर 12 बोर के 21 तमंचे के बरामद किए। पुलिस अभी तक असलहा फेंकने वाले का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस की मानें तो चुनाव प्रभावित करने को लेकर हथियार लाए गए थे, मगर सख्ती होने के कारण असामाजिक तत्व कामयाब नहीं हो सके।
सीओ सिटी एमपी सिलोनिया ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली कि कोतवाली देहात के गांव मानपुर स्थित नाले के पास गड्ढे में तमंचे से भरी बोरी को दबाया गया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आधा घंटा तक अभियान चलाया। इसके बाद करीब आधा किलोमीटर तक नाले के पास-पास खोदाई की तो गड्ढे से अवैध हथियारों से भरी बोरी बरामद हुई। बोरी से बरामद हथियारों की गिनती करने पर 12 बोर के 21 तमंचे बरामद हुए। सीओ को आशंका है कि विधानसभा चुनाव में बाधा उत्पन्न करने को लेकर अवैध हथियार लाए गए थे, लेकिन पुलिस की सख्ती को देख को आरोपी कामयाब नही हुए और नाले के पास गड्ढे में बोरी में दबाकर फरार हो गए। कोतवाली देहात इंचार्ज ने बताया कि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
--------
मलावन सहित कई क्षेत्रों में पकड़ी तमंचा बनाने की फैक्ट्री
विगत दो फरवरी को मलावन पुलिस ने तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, जिसमें नौ तमंचा सहित भारी मात्रा में सामान बरामद किया। सात फरवरी को भी मलावन पुलिस ने मलावन-कुरावली बार्डर स्थित एक सूखी नहर से तमंचा बनाते एक आरोपी को पकड़कर उनके पास से दस तमंचे, तीन अधबने तमंचे सहित भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए थे। दो दिन पूर्व जैथरा पुलिस ने गांव परौली से दो आरोपी तमंचा बनाते पकड़ कर चार तमंचा और उपकरण बरामद किए थे, जबकि जलेसर और अवागढ़ पुलिस भी तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी चुकी है।