एटा/मिरहची। थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक महिला को बंधक बनाकर लाखों की नगदी एवं जेवरात लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधन मुक्त हुई और डायल 122 पर कॉल की। सूचना पर डायल 122 की गाड़ी तो गांव में पहुंच गई, लेकिन थाना पुलिस सूचना के बाद भी वारदात स्थल पर नहीं आई।
गांव लालपुर निवासी विमलेश देवी शुक्रवार रात करीब 1:15 बजे लघुशंका करने के लिए उठी। वह दरवाजा बंद कर रही थी तभी दो बदमाश आए और उसे पकड़ लिया। इसके बाद दो अन्य बदमाशों ने उसका मुंह दबा लिया। बदमाशों ने दुपट्टा से आंख बांध दी और साड़ी से हाथ-पैर बांध कर उसे कमरे में डाल दिया। बदमाशों ने दूसरे कमरे में रखे बक्से व अलमारी के तालों को तोड़ पायल, करधनी, अंगूठी और करीब 1 लाख 30 हजार रुपये लूट ले गए। महिला के दत्तक पुत्र पवनेश कुमार ने बताया कि बदमाशों ने उसकी मां को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। शनिवार की सुबह पीड़ित महिला घरवालों के साथ थाने गई और तहरीर दी। थानाध्यक्ष कृष्णकांत लोधी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।