कासगंज के रेलवे स्टेशन पर कतार में खड़े बिहार जाने वाले श्रमिक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिले के ईंट भट्ठों पर काम करने वाले बिहार के प्रवासी श्रमिकों को ईंट भट्ठा एसोसिएशन ने उनके घर भेजने का जिम्मा उठाते हुए श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बिहार के गया और नवादा भिजवाया। दो ट्रेनों से 2896 श्रमिकों को रवाना किया गया। जिला प्रशासन एवं रेल प्रशासन स्पेशल ट्रेन की व्यवस्थाओं में जुटा नजर आया। सभी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। भट्ठा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर सभी श्रमिकों को रेल टिकट, खाना, पानी, नाश्ता,मास्क,साबुन आदि उपलब्ध कराया।
कासगंज जंक्शन से यह तीसरी ट्रेन किसी दूसरे राज्य के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन के रूप में रवाना हुई। अभी तक जंक्शन पर राजस्थान और गुजरात राज्यों से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से श्रमिक आ रहे थे। यह श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिहार के लिए श्रमिकों को लेकर रवाना हुई। रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ईंट भट्ठों से वाहनों के माध्यम से श्रमिकों को जंक्शन तक लाया गया। जहां ईंट भट्ठा एसोसिएशन के शिविर में एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे। जो श्रमिकों को टिकट, खाना, पानी, नाश्ता आदि सामान उपलब्ध करा रहे थे। सभी श्रमिकों के सिर पर गृहस्थी के सामान से भरी बोरियां दिखाई दे रहीं थीं।
रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन दोपहर के समय ही लग गई थी। इस सैनिटाइज ट्रेन में सभी श्रमिक सवार हुए। थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, एसडीएम ललित कुमार, कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिरोई, सोरों इंस्पेक्टर रिपुदमन सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत झा और जीआरपी इंस्पेक्टर सोनू राजोरा, तहसीलदार अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
भट्ठा संचालक जुटे नजर आए इंतजाम में
कासगंज।भट्ठा संघ के अध्यक्ष सुभाष चंद्र गर्ग, उपाध्यक्ष दीपक मेहरा, कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल, महामंत्री राकेश कुमार अग्रवाल व अन्य भट्ठा संचालकों ने शिविर में रहकर श्रमिकों की सभी व्यवस्थाएं कीं। अन्य भट्टा संचालक भी इस दौरान मौजूद रहे।
बारिश से हुई परेशानी
कासगंज।स्पेशल ट्रेनों से जाने के लिए भट्टा मजदूर, ट्रैक्टर व अन्य साधनों से आए। अचानक बारिश होने से मजदूर ओर उनके बच्चे महिलाएं परेशान हो गए सब बारिश से बचने के लिए स्टेशन पर पहुंचे तब बारिश से बचाव हो सका।