एटा। विकासखंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत जिरसमी में ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति बनाए बगैर ही लाखों रुपये का आहरण कर लिया। विभाग ने नोटिस भेजकर सचिव और प्रधान से जवाब मांगा है। गांव के ही शिकायतकर्ता निर्मल ने विभाग में शिकायत की है। जिस पर ग्राम पंचायत सचिव द्वारा स्पष्टीकरण, प्रशासनिक समिति का विवरण व कार्रवाई रजिस्टर की छायाप्रति मांगी गई, जो अभी तक कार्यालय में प्रस्तुत नहीं की गई। इस संबंध में सचिव कमलेश को एडीपीआरओ मनोज त्यागी ने चेतावनी जारी की है कि ग्राम पंचायत का कोरम पूरा न होने तक किसी प्रकार का कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
समिति लेती है कार्यों का निर्णय
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सदस्यों को मिलाकर प्रशासनिक समिति बनाई जाती है। जिसकी समय-समय पर खुली बैठक होती है। यह समिति ही जरूरतों के हिसाब से ग्राम पंचायत में निर्माण व विकास कार्यों के प्रस्तावों पर निर्णय लेती है। समिति की बैठक बिना प्रस्ताव स्वीकृत नहीं माने जा सकते हैं।