एटा। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अब कॅरिअर काउंसिलिंग का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। उन्हें कॅरिअर काउंसिलिंग के माध्यम से भविष्य की राह दिखाई जाएगी।
जिले में कुल 8 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को आवासीय शिक्षा देने के लिए ये विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। छात्राओं की शिक्षा को बेहतर और सुदृढ़ करने के लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। अब शासन के निर्देश पर इन छात्राओं को हाईस्कूल व इंटर की अर्हता वाले कॅरिअर व प्रोफेशनल कोर्स और इसके लिए कहां से अच्छी तैयारी की जा सकती है उसके बारे में जानकारी दी जाएगी।
अध्ययनरत छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एयर होस्टेस और ब्यूटीशियन बनने के लिए जानकारी दी जाएगी। इसके साथ इनकी कॅरिअर काउंसिलिंग भी कराई जाएगी। बीएसए दिनेश कुमा़र ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने के बाद छात्राएं रुचि के अनुसार अपना कॅरिअर बना सकेंगी।
इसके साथ ही विभिन्न माध्यमों से छात्राओं को बेहतर कॅरिअर तलाशने में मदद की जाएगी। सभी केजीबीवी विद्यालयों में इस पहल को कराने की कवायद शुरू की जाएगी। इससे छात्राओं को कॅरिअर चुनने में आसानी रहेगी।