एटा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) के स्टाफ की उपस्थिति फोटोग्राफ से प्रमाणित की जाएगी। प्रधानाचार्य, वार्डन, शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ को उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के साथ ही फोटो सेल्फी भी प्रेरणा एप पर भेजनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और मानदेय काटा जाएगा।
सेवारत स्टाफ के अभिलेखों एवं नियुक्ति प्रक्रिया के एक बार और सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इनकी नियमित उपस्थिति पर भी विभाग की नजर रहेगी। लॉकडाउन के बावजूद भी जिले के सभी आठ केजीबीवी आठ जून को खुल गए हैं। बीएसए ने पूरे स्टाफ को निर्धारित समय पर आने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही इन लोगों को उपस्थिति एवं अवस्थापना संबंधी सुविधाओं के सेल्फी फोटोग्राफ प्रेरणा एप पर भी डालनी होगी। ताकि निदेशालय से इनकी उपस्थिति का सत्यापन किया जा सके। इसके बाद ही इनका मानदेय खातों में भेजा जाएगा। फोटोग्राफ न होने पर उस दिन की उपस्थिति मान्य नहीं होगी।
बीएसए संजय सिंह ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद के आदेश के अनुपालन में सभी केजीबीवी को फोटो शेयर करने के निर्देश दे दिए गए हैं। ताकि इसके आधार पर इनकी उपस्थिति सत्यापित हो सके।