एटा। जलेसर चेयरमैन के भाई, केनरा बैंक के एक कर्मचारी तथा एक अन्य को रविवार को कोरोना की पुष्टि हुई। बीते बुधवार को बैंक कर्मचारी प्रतापगढ़ गया है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 66 हो गई है। वहीं एक्टिव केसों की संख्या 35 हो गई है।
जलेसर में एक अधिवक्ता कोरोना संक्रमित निकले थे। बीते दिनों उनकी मौत आगरा मेडिकल कॉलेज में हो गई। अधिवक्ता के संपर्क में चेयरमैन को संदिग्ध मानते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे परिवार का सैंपल लिया गया। वहीं सभी के सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेजे गए थे।
शनिवार की देर शाम जलेसर चेयरमैन को कोरोना की पुष्टि हुई, वहीं रविवार को चेयरमैन के छोटे भाई भी कोरोना संक्रमित निकले। अलीगढ़ से आई रिपोर्ट में एक चिकित्सक भी कोरोना से ग्रसित निकले। इनका इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वह सैफई 4 दिन पूर्व रेफर होकर गए थे।
इसके साथ ही सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात प्रतापगढ़ निवासी एक कर्मचारी भी कोरोना से संक्रमित निकला है। बीते बुधवार को कर्मचारी जिले से प्रतापगढ़ बीमारी की हालत में गया था। जहां उसकी कोरोना की जांच हुई रविवार को वह भी ग्रसित निकला।
कर्मचारी के पिता प्रतापगढ़ में सीएमओ
बैंक में कार्यरत कर्मचारी के पिता प्रतापगढ़ में सीएमओ के पद पर कार्यरत हैं। इसी के चलते कर्मचारी बीते बुधवार को प्रतापगढ़ गया था। जहां उसकी कोरोना की जांच की गई।
अलीगढ़ से आई रिपोर्ट में दो व्यक्तियों को कोरोना की पुष्टि हुई। जहां एक व्यक्ति का उपचार पहले से सैफई में चल रहा है। जबकि दूसरे व्यक्ति ने निजी नर्सिंग होम में इलाज कराने की बात कही है। साथ ही प्रतापगढ़ से बैंक कर्मचारी के पॉजिटिव होने की सूचना मिली है।
-डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ