एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव अचलपुर और कल्यानपुर के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से कासगंज के मजदूर की मौत हो गई। उसकी जेब से मिली पर्ची पर लिखे फोन नंबर पर कॉल कर उसकी पहचान हुई। जिला कासगंज थाना सहावर क्षेत्र के गांव बहटा बढ़ारी निवासी छोटे लाल (40) पुत्र राजाराम को बृहस्पतिवार रात किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जंगल में रात भर शव पड़ा रहा और जानवरों ने इसे क्षति-विक्षत कर दिया। शुक्रवार सुबह के समय ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा।
इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान की कोशिश की। पर्ची पर मिले नंबर पर कॉल कर परिजनों को बुलाया। मृतक के बहनोई विनोद कुमार निवासी शृंगार नगर थाना कोतवाली नगर ने बताया कि छोटे लाल मजदूरी और हलवाई की दुकान पर कार्य करता था। 11 अगस्त को घर से मजदूरी करने के लिए निकला था। बृहस्पतिवार को लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया कि पहले मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। उसकी जेब से मिली पर्ची पर लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल करने के बाद पहचान हुई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सड़क हादसों में तीन घायल
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांव गंगनपुर के पास बृहस्पतिवार देर शाम ट्रकों की भिड़ंत में अनुज कुमार निवासी मानपुर थाना कोतवाली देहात और जोगी गुप्ता निवासी निकट पुराना एआरटीओ ऑफिस घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना मलावन क्षेत्र के गांव छछैना के पास बाइक से गिरकर राधा पत्नी राजकुमार निवासी निधौली खुर्द थाना रिजोर घायल हो गई। महिला को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। संवाद