एटा। दो बहनों के साथ दिल्ली से कन्नौज जा रही एक युवती कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में गांव कुसाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात चलती रोडवेज बस से कूद गई। यह युवती पीछे की सीट पर बैठी थी, जो खिड़की खोलकर कूदी थी। जबकि आगे बैठी उसकी दो बहनों को उस समय जानकारी ही नहीं हो पाई। बाद में पता चलने पर तलाश की तो वह सड़क पर पड़ी मिली। युवती को गंभीर घायल हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां से देर रात ही उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
कन्नौज जनपद के सरायमीरा निवासी कशिश ने बताया कि उसकी छोटी बहन दिव्यांशी त्रिपाठी हल्द्वानी के एक शॉपिंग मॉल में जॉब करती है। मंगलवार को वह घर आने के लिए हल्द्वानी से दिल्ली पहुंची। इस पर मैं अपनी बड़ी बहन रिया के साथ उसे लेने दिल्ली गई। सुबह के समय आनंद विहार से एक रोडवेज बस में कन्नौज आने के लिए हम तीनों बहने बैठ गए। एटा से पहले एक होटल पर बस रुकी, जहां सभी ने खाना खाया। कहा कि इसके बाद दिव्यांशी बस के पीछे की सीट पर जाकर बैठ गई।
जबकि हम लोग आगे की सीट पर थे और थकान की वजह से नींद आ गई। आसपुर टोल प्लाजा के पास आंख खुली तो देखा बस में दिव्यांशी नहीं थी। बस रुकवाकर टोल प्लाजा पर उतरे और मलावन थाना पुलिस को सूचना दी। जहां पुलिस की मदद से उसे खोज रहे थे। इस दौरान करीब 15 किलोमीटर दूर वह सड़क पर पड़ी मिली। उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां से आगरा रेफर कर दिया गया।
दो बहनें दिल्ली से अपनी बहन को लेकर जा रही थीं। उन्हीं दोनों बहनों ने जिला अस्पताल में बताया कि तीसरी बहन की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। बहनों द्वारा बताया गया कि वह बस से कूद गई थी। कार्रवाई के लिए कोई सूचना नहीं दी गई है। -कालू सिंह, सीओ सिटी