एटा। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर रस्साकसी तेज हो गई है। चुनाव में मजबूत माने जा रहे सपा खेमे की मुश्किलें मुकदमों को लेकर बढ़ गई हैं। पार्टी से घोषित प्रत्याशी रेखा यादव के पति पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव पर चार मुकदमे दर्ज हो गए हैं। उन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।
30 सदस्यों की जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सपा के पास जीत का पूरा आंकड़ा है। शुरू से ही पार्टी कुर्सी पर कब्जे को लेकर आश्वस्त रही है, लेकिन चुनाव आने के साथ ही हो रहे घटनाक्रम ने इस चुनाव की रोचकता बढ़ा दी है। 10 जून को जहां मंडी समिति के पास उनके मार्केट की दो दुकानों को अवैध बताकर ध्वस्त करा दिया गया, तो 14 जून को अवैध कब्जा करने के मामले में दो रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।
20 जून को उन पर एक व्यक्ति ने उसकी कृषि भूमि पर कब्जा और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इसकी रिपोर्ट भी कोतवाली नगर में दर्ज की गई है। 20 जून की ही रात में उनके खिलाफ एक और मुकदमा जैथरा थाने में लिखाया गया। इसमें भी एक व्यक्ति ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। मुकदमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों में बेचैनी बढ़ रही है। बचाव के लिए मंथन किया जा रहा है।