एटा। शहर के बीचोंबीच स्थित मेडिकल कॉलेज के एक वार्ड में भर्ती महिला मरीज के गहने और 5000 रुपये एक दूसरी महिला ने ही चोरी कर लिए। पूरी वारदात वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करते हुए महिला की तलाश कर रही है।
शहर के वर्मा नगर निवासी रेशमा देवी ने बताया कि सोमवार को बहू की तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज लेकर आई थी। यहां चिकित्सक ने मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर दिया, जहां उपचार चल रहा था। मंगलवार की सुबह लगभग 5 बजे देखा तो बहू के कानों में पहने जाने वाले सोने के टॉप्स और पर्स में रखे 5000 रुपये पास नहीं थे। यह देखकर सास-बहू दोनों दंग रह गईं।
घटना की जानकारी जब वहां मौजूद स्टाफ को दी, तो वह हंसी मनाने लगे। इसके बाद सुरक्षा गार्डों से कहा तो उन्होंने भी कोई बात नहीं सुनी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि वार्ड में दूसरी महिला ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।