एटा। खारे पानी का दंश झेल रहे जलेसर के लोगों को राहत मिलने जा रही है। यहां अब घर-घर में गंगाजल आपूर्ति की जाएगी। 142 करोड़ की इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया अंतिम दौर में है। दीपावली से पहले यहां काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए जावड़ा निजी गंग नहर से पानी के लिए 32 किलोमीटर की पाइप लाइन डाली जाएगी। जलेसर क्षेत्र में खारे पानी की समस्या वर्षों पुरानी है। नगर को नलकूप से पेयजल देने की योजना बनाई गई थी जो जलेसर क्षेत्र में दूर-दूर तक पानी खारा होने के कारण यह सफल नहीं हो सकी।
अब यहां घर-घर गंगाजल देने की तैयारी है। जल निगम नगरीय एक्सईएन सैयद तारिक अली के अनुसार एटा-टूंडला रोड स्थित गांव जाबड़ा में हजारा नहर किनारे एक इंटेक वेल बनाया जाएगा।
इसके साथ ही जलेसर में कुल 03 हेक्टेयर जमीन पर 11 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हजारा नहर का पानी पहुंचाने के लिए जावड़ा स्थित हजार नहर (लोअर गंगा कैनाल) किनारे बनाए जाने वाले इंटेक वेल से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक कुल 32 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
इसके साथ ही जलेसर नगरीय क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए 67 किमी पाइपलाइन बिछाने के साथ 1400 किलो लीटर के दो और 700 किलो लीटर समेत कुल 03 नग ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे।
इस कार्य के पूरे होने के बाद जलेसर नगरीय क्षेत्र की करीब 48 हजार लोगों की आबादी लाभान्वित होगी।
इसके लिए तकनीकी और वित्तीय निविदा हो चुकी है। राज्य स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक में निविदाओं पर मंथन किया जाएगा। इस माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जल्द की काम शुरू होगा।