एटा। सकीट की ग्राम पंचायत सलेमपुर खेड़िया में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर लापरवाही व अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीपीआरओ ने पंचायत भवन, सीसी सड़क, सामुदायिक शौचालय व वित्तीय अभिलेखों की जांच की, जिसमें अनियमितताएं उजागर हुईं। रिपोर्ट में ग्राम प्रधान, पूर्व सचिव व वर्तमान सचिव तीनों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
प्रभारी डीपीआरओ एसडीएम राजकुमार मौर्य ने 2 मई को ग्राम पंचायत का दौरा किया। जहां निर्माण कार्य पूरी तरह बंद मिला। सचिव कोई भी पत्रावली प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि मनरेगा और वित्त आयोग से इसका पूरा भुगतान कर लिया गया है। डाला गया लिंटर अधोमानक होने के साथ ही उसके भुगतान से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत में कोई आरआरसी केंद्र निर्मित नहीं है। पंचायत भवन के पास निर्मित सीसी सड़क का सचिव टेंडर, वर्क ऑर्डर आदि प्रस्तुत नहीं कर सके।
पेंटर भुगतान और जूनियर हाईस्कूल की टाइल्स निर्माण संबंधी पत्रावलियों में सिर्फ ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर पाए गए। सचिव के हस्ताक्षर किसी भी दस्तावेज पर नहीं थे। कई बिलों में भुगतान पेड एंड कैंसिल दर्शाया गया, लेकिन इन पर भी सचिव के हस्ताक्षर मौजूद नहीं थे। वर्तमान सचिव अनुराग कुमार ने बताया कि पूर्व सचिव मुन्नेश कुमार ने अभी तक उन्हें पूरा चार्ज नहीं दिया। परिवार रजिस्टर भी नहीं सौंपा सिर्फ छह कार्यों की पत्रावली उपलब्ध कराई गई जबकि अधिकांश अभिलेख गायब हैं। अनियमितताएं पाए जाने पर प्रधान व सचिवों को नोटिस दिया गया है।