सीजीएसटी की टीम व व्यापारियों में होती नोंकझोंक। संवाद
एटा। जीटी रोड स्थित विजय हार्डवेयर स्टोर पर शुक्रवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने छापा मारा। टीम ने अभिलेखों और स्टॉक की जांच करने का प्रयास किया। यह देखकर दुकान मालिक विजय जैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालत गंभीर होने पर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। वहीं सीजीएसटी टीम की ओर जांच की कार्रवाई जारी रखी गई।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अतुल राठी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सीजीएसटी विभाग की टीम जीटी रोड स्थित विजय हार्डवेयर स्टोर पर पहुंची। यहां छापा मारते हुए सरिया कारोबार से जुड़े दस्तावेज की जांच शुरू की। इसी बीच दुकान मालिक विजय जैन को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और वह अचानक गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सक ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर है। बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।
टीम के साथ पुलिस के कई अधिकारी रहे मौजूद
छापा मारने के समय सीजीएसटी की टीम के साथ कई पुलिस अधिकारी भी थे। इनमें प्रमुख रूप से सीओ यातायात संजय सिंह, सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा, कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह मौजूद रहे।
सीजीएसटी टीम द्वारा एक व्यापारी के यहां जांच करने की सूचना मिली। इसपर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। इस दाैरान व्यापारियों और टीम के बीच कुछ कहासुनी भी हो गई। इसी बीच व्यापारी को हार्ट अटैक आ गया। जिनको उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। -संकल्पदीप कुशवाहा, सीओ सदर