जलेसर। नगर की बिगड़ी बिजली व्यवस्था से औद्योगिक इकाइयां भी प्रभावित हो गई हैं। 24 में 8 घंटे मिल रही बिजली आपूर्ति में भी ट्रिपिंग की समस्या ने उद्यमियों को परेशानी में डाल दिया है। औद्योगिक इकाइयों का संचालन न होने से इनसे जुड़े सभी लोग प्रभावित हो रहे हैं।
एक माह से बिजली आपूर्ति सही न मिलने से अधिकांश औद्योगिक इकाई लगभग बंद हैं। एक सप्ताह पहले पालिकाध्यक्ष गौरी वर्मा के आवास पर बिजली की समस्या को लेकर बैठक हुई थी। इसमें विद्युत निगम के एसडीओ अजीत उपाध्याय ने तीन दिन में समाधान का आश्वासन दिया था। इसके बाद सभासदों ने बिजलीघर का घेराव किया। तीन दिन पहले रात में बिजली से परेशान लोगों ने बिजली घर के बाद एसडीएम का आवास घेरा। एसडीएम के आदेश के बाद फुंका ट्रांसफाॅर्मर बदला जा सका।
इन अव्यवस्थाओं का एक माह से अधिक का समय होने पर उद्यमी परेशान हैं। बिजली की समस्या के चलते वह अपने ऑर्डर समय से पूरे नहीं कर पा रहे हैं। पीतल उद्यमी आदित्य मित्तल ने बताया कि जलेसर टीटीजेड में है, इसलिए इकाई चलाने को अन्य किसी ईंधन का उपयोग नहीं कर सकते हैं। सभी इकाई बिजली पर निर्भर हैं। इससे आर्थिक नुकसान तो है ही, साथ ही बाजार में साख खराब हो रही है।
शुभम गुप्ता, रूपम गुप्ता ने कहा कि बिजली की व्यवस्था में सुधार न होने पर व्यापारी नगर से पलायन करने को मजबूर होंगे। कपिल गुप्ता, आशीष, पुलकित गुप्ता, संजीव वर्मा आदि ने भी नाराजगी जताई है। एसडीओ अजीत उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को जलेसर उपकेंद्र को ही आपूर्ति नहीं मिली। हाईटेंशन लाइट में फाॅल्ट हो जाने के कारण आपूर्ति बंद रही। आपूर्ति सुधारने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद