गोशाला के पास से खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से शहर में ले जाई जा रही मिट्टी।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। जीटी रोड पर गोशाला के पास स्थित सड़क किनारे सरकारी जमीन से रविवार रात से सोमवार सुबह तक मिट्टी का अवैध खनन किया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी खोदी जाती रही जबकि सूचना देने के बाद भी कोतवाली नगर पुलिस खनन करने वालों को पकड़ने नहीं पहुंची।
शहर के अंदर गोशाला के पास यह खेल रविवार रात भर चला। स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां रात 10 बजे से ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचकर मिट्टी की खोदाई करने लगीं। जीटी रोड पर रात-दिन यातायात चलता है, इसलिए किसी ने अधिक गौर नहीं किया, लेकिन रात में भी जब ट्रैक्टर की आवाजाही चलती रही तो लोगों ने निकलकर देखा। रात 11 बजे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली एक-एक कर मिट्टी भरने पहुंच रहीं थीं। काफी देर लोग देखते रहे।
इसके बाद दो लोग पुलिस से इसकी शिकायत करने निकले। 1 बजे अलीगंज रोड तिराहा पर एक कोबरा पुलिस की गाड़ी मिली, जिस पर तैनात पुलिसकर्मियों को जानकारी दी, लेकिन उनका सीधा जवाब था कि ये देखना हमारा काम नहीं है, कोतवाली जाकर सूचना दो। बाद में लोग रात करीब ढाई बजे कोतवाली नगर पहुंचे। यहां पहरे पर तैनात एक आरक्षी और अंदर एक महिला आरक्षी मिली। प्रभारी निरीक्षक या किसी दरोगा के वहां न दिखने पर लोग लौट आए। सुबह 6 बजे रोशनी होने के बाद तक मिट्टी खोदी जाती रही।