गोशाला के पास मिट्टी का खनन होने से खेत में बना गड्डा ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। सरकार ने निजी प्रयोग के लिए अपने खेत से मिट्टी खोदने की छूट दी है। जिसकी आड़ में माफिया खनन के धंधे में जुटे हुए हैं। शहर के आसपास के गांवों से लगातार मिट्टी खोदकर शहर के अंदर पहुंचाई जा रही है। यातायात पुलिस से लेकर सिविल पुलिस इन्हें देखती रह जाती है।
सबसे अधिक खनन मलावन क्षेत्र में किया जा रहा है। यहां खेतों की मिट्टी अनउपजाऊ होने की वजह से किसान मिट्टी का ही सौदा कर रहे हैं। इसके अलावा शहर के पास के गांवों में सरकारी तालाब व अन्य जमीनों से माफिया मिट्टी निकालकर बेच रहे हैं। दिन की रोशनी में किसी की नजर न पड़े, इसलिए यह पूरा खेल रात के अंधेरे में किया जाता है। सहावर और गंजडुंडवारा की ओर से ठंडी सड़क, अलीगढ़-कासगंज और कानपुर की ओर से जीटी रोड, शिकोहाबाद रोड, आगरा रोड पर होते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी तमाम प्लॉटों और निर्माणाधीन मकानों में पहुंचाई जा रही है। रात में खनन को न देख पाने का बहाना करने वाले राजस्व विभाग को आसपास के गांवों में खोदे गए गड्ढे दिन में भी नहीं दिखाई दे रहे।