एटा। मार्च व अप्रैल माह में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब के तीन ठेकों से लूट हुई थी। पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि 12 मई को सर्राफ से हुई लूट की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस लाइन के सभागार में मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने बताया कि अवागढ़ पुलिस, स्वाट टीम व जनपदीय इंटेलीजेंस विंग ने लूट की योजना बनाते तीन शातिरों को पकड़ा।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र क्षेत्र के डाक बंगलिया निवासी अक्षय ठाकुर व नगला पोता निवासी योगेश कुमार, निधौलीकलां थाना क्षेत्र के गांव अहरमई निवासी जीतू यादव पकड़े गए हैं। आरोपियों ने बताया कि उनके साथ घटना में निधौलीकलां थाना क्षेत्र के गांव अहरमई निवासी शीले व कोतवाली नगर के मोहल्ला कटरा निवासी वरुण व अवागढ़ के खिड़की मोहल्ला निवासी गोविंदा भी शामिल थे। एसएसपी ने बताया कि शीले फरार है। जबकि अन्य दो आरोपी पहले से जेल में हैं।
भेष बदलकर करता था जानकारी
एसएसपी ने बताया कि शराब के ठेकों से लूटपाट करने वाला आरोपी गोविंदा घटना के बाद महिला का भेष बदलकर थाने पर चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी करता रहता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि कोतवाली देहात के महेंद्रा कार एजेंसी के मैनेजर, कासगंज रोड आईटीआई के पास से शराब के ठेका से लूट, रेलवे रोड शराब ठेके से लूट की उन्होंने योजना बनाई थी।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
- 13 मार्च को अवागढ़ थाना क्षेत्रांतर्गत वसुंधरा में अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन को गोली मारकर 50 हजार रुपये व शराब की पेटी लूटी
- 9 मार्च को पिलुआ थाना क्षेत्रांतर्गत भदवास में शराब व बीयर के ठेकों से 50 हजार रुपये की लूट
- 3 अप्रैल को कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव विरामपुर स्थित ठेके से 60 हजार रुपये व दो अंग्रेजी शराब की
सराफ से लूट का भी खुलासा
एटा। 12 मई को जलेसर कस्बा के शेरगंज मोहल्ला निवासी सराफ रामदुलारे से आभूषणों से भरा थैला छीना गया था। इसका भी पुलिस ने खुलासा किया है। गांव गणेशपुर निवासी पप्पू को गिरफ्तार किया गया है। जबकि उसका साथी कुसैत निवासी सलाई यादव फरार है। लूटी हुई एक करधनी और एक जोड़ी पाजेव पुलिस ने बरामद की है। संवाद