अलीगंज। पुलिस ने शनिवार की देर रात एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर अपराधी सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन बने-अधबने तमंचे, कारतूस और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने घटना का खुलासा करते हुए मीडिया को बताया कि शनिवार की रात करीब 10:30 बजे सुधीर कुमार निवासी ग्रेवर असदुल्लापुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से दो तमंचे बरामद किए। एक अधबना तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला। नौ कारतूस के पेंदी वाले हिस्से और नौ तमंचे की नाल भी जब्त की गई। भारी मात्रा में तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया है कि वह वर्ष 2019 में शस्त्र फैक्टरी चलाने के आरोप में जेल जा चुका है। जेल से आने के बाद वह बीमार पड़ गया था। करीब तीन-चार माह पहले बदायूं का दीपक उर्फ प्रदीप ने उसे दोबारा तमंचे बनाने का काम शुरू करवाया। दीपक घर आकर ही उससे तमंचे ले जाता था। सुधीर एटा और फर्रुखाबाद की लोहामंडी से तमंचा बनाने का सामान खरीदता था।
एएसपी ने बताया कि सुधीर पुराने और खराब तमंचों को सही करने का काम भी करता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह तमंचे बनाकर एटा और आसपास के जनपदों में बेचता था। उसकी गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।