जलेसर(एटा)। दो गांव के बच्चों में आपस में किसी बात पर झगड़ा और मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पाकर एक गांव के ग्रामीण दूसरे गांव के ग्रामीणों पर टूट पड़े। जिसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस के अधिकारी फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। ऐहतियात बतौर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की सुबह गांव गिलौला के कुछ बच्चे ट्यूशन पढ़कर लौट रहे थे, उसी दौरान गांव बसई के छात्र परीक्षा देने के लिए जलेसर आ रहे थे। गांव मोहनपुर के निकट दोनों गांव के बच्चों में किसी बात को लेकर पहले विवाद विवाद हुआ और देखते ही देखते मारपीट हो गई। ग्राम बसई के बच्चों द्वारा घरों पर सूचना दिए जाने के बाद दर्जनों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर गांव गिलौला पर आ गए और जो मिला उसी की पिटाई शुरू कर दी। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इधर, सूचना पर ग्राम गिलौला के ग्रामीण भी आ गए और दोनों ओर से लाठी डंडे चलने लगे। इससे गांव बसई के भी दो लोग घायल हुए हैं।
दो गांवों में हुए लड़ाई की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य थानों का फोर्स भी बुला लिया गया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। गांव बसई निवासी महेश पाल सिंह ने दी तहरीर में कहा कि उनका पुत्र रोहित परीक्षा देने जा रहा था उसी दौरान रास्ते में कन्हैया, राकेश, राजू, कुमरपाल, लोकपाल, शैतान सिंह, मटरू, हरि सिंह जौहरी, दुर्वेश, बॉबी, अमर सिंह आदि ने मारपीट कर दी। इसमें जगदीश, अखंड प्रताप सिंह, हरिओम व छोटे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
दूसरे पक्ष के राकेश कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें कहा कि रोहित निवासी बसई पहले आकर गाली-गलौज करने लगा वहीं फोन करके गांव से सुरेंद्र पाल सिंह, मुनेंद्र पाल सिंह, हरिओम पाल सिंह, प्रवीण कुमार, रविंद्र पाल सिंह, धीरज पाल सिंह, हरेंद्र पाल सिंह, महेश पाल सिंह, डॉक्टर सिंह आदि को बुला लिया। जिन्होंने आते ही गांव के बाहर दुकानों के पास फायरिंग और मारपीट की। जैसे ही गांव वालों को पता चला गांव के लोग आए जब तक यह लोग मारपीट करके जा चुके थे। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि दो गांवों के लोगों में बच्चों के विवाद में झगड़ा हो गया था, मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया गया है।
ग्राम बसई एवं गिलौला के ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में अब तक 12 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। ग्राम गिलौला के टिंकू, नेत्रपाल सिंह, नत्थू लाल, होडल सिंह, राजू, राकेश एवं ग्राम बसई के हरिओम पाल, अखंड प्रताप, सुरेंद्र कुमार, सुरेंद्र प्रताप, प्रवीण कुमार, रोहित कुमार को जेल भेजा गया है।
केपी सिंह, कोतवाली प्रभारी
पुलिस जीप आपस में भिड़ीं एक सिपाही घायल
जलेसर। प्रात: काल घने कोहरे के बीच जैसे ही कोतवाली पुलिस को गांव गिलौला एवं बसई के ग्रामीणों में टकराव की सूचना मिली पहले कोतवाली प्रभारी केपी सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं तत्पश्चात अन्य गाड़ियां भी गांव के लिए रवाना हो गईं। घटनास्थल पर जैसे ही गांव बसई के ग्रामीणों को पुलिस हटाने का प्रयास कर रही थी उसी दौरान कोतवाली की दूसरी जीप पहुंच गई। हड़बड़ी में उसकी टक्कर कोतवाली प्रभारी की बोलेरो से हो गई। इसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
जलेसर में हुए बच्चो के विवाद के बाद गाँव पर मौजूद पुलिस बल ।संवाद- फोटो : ETAH