एटा। कलेक्ट्रेट सभागार में होली के त्योहार के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिले में 1889 स्थानों पर होलिका दहन से पूर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट और थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में जलने वाली होलिका दहन के स्थलों का निरीक्षण करने को कहा गया है।
अध्यक्षता करते हुए जिला मजिस्ट्रेट सुखलाल भारती ने निर्देश दिए कि होली पर जनपद में विशेष सतर्कता बरती जाए। साफ-सफाई, विद्युत एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई जाए। होलिका दहन वाले स्थानों पर झूलते तार न दिखाई दें। वाहनों की सघन चेकिंग की जाए ओर जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में भ्रमण करें। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में होलिका दहन वाले स्थानों का भ्रमण कर लें। एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि जनपद को 4 जोन एवं 21 सेक्टर में विभाजित कर धारा 144 लागू की गई है। बैठक में सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल, एसडीएम सदर अबुल कलाम, एसडीएम अलीगंज पीएल मौर्य, एसडीएम जलेसर अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।
जबरन न लगाएं किसी को गुलाल
सकीट। कोतवाली परिसर में हुई पीस कमेटी बैठक में होली पर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि बिना अनुमति किसी पर जबरन गुलाल, रंग न डालें। इस दौरान इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह, एसआई सहदेव सिंह, एसआई दिग्विजय सिंह, मोहम्मद रियाज, सरवर हुसैन, जमील, राजवीर सिंह, प्रशान्त कुमार, रामलखन दीक्षित, राजेश शाक्य, बन्टू यादव, वशीम, महेश वर्मा, विपिन यादव, रावनेश जैन, विमलेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
शरारती तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई
अलीगंज। कोतवाली परिसर में एसडीएम और सीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसडीएम पीएल मौर्य ने कहा कि होली पर अगर किसी शरारती तत्व ने खलल डाला तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीओ अजय भदौरिया ने कहा कि पर्व पर नशे में घूमने वाले व संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, जुनेद मियां, विनोद आर्य, राजेश गुप्ता, राकेश वर्मा, मुन्नबाबू गुप्ता, असलम खां, वरिष्ठ उप निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया आदि मौजूद रहे।