एटा। जीटी रोड स्थित मानपुर में दस करोड़ की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण चल रहा है। शहर में सीवर लाइन डल चुकी है, कहीं-कहीं चैंबर बनने शेष हैं। अगले माह से ट्रीटमेंट प्लांट पूरी तरह से तैयार होकर काम करना शुरू कर देगा।
शहर को सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की सौगात जल्द मिलने वाली है। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का लगभग 95 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। प्लांट पर मशीनों को सेट किया जा रहा है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बनाए गए चार टैंक बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं स्लज हैंडलिंग टैंक में लगभग 20 फीसदी का कार्य बचा है। पंपिंग स्टेशन को तैयार कर दिया गया है। ब्लोअर रूम में एयर पास करने के लिए मशीन लगाई जा रही हैं। जलनिगम के अधिशासी अभियंता एएस भाटी ने बताया कि मैकेनिक कार्य लगभग 5 फीसदी बचा हुआ है। अगले माह से प्लांट चालू कर दिया जाएगा।
किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगा पानी
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शुरू होने के बाद आसपास के गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मुफ्त में मिलेगा। जिससे वह अपने खेतों की सिंचाई कर सकते हैं।