एटा। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोरोना से मौत हो गई। कुछ दिन पहले वह संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद गृह जनपद मेरठ में इलाज करा रहे थे। इनके अलावा तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। अब कोरोना से मौत का आंकड़ा बढ़कर 117 पहुंच गया है। जबकि शनिवार को हुई जांच में 74 नए केस पाए गए हैं। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 9023 पहुंच गया है। जिसमें 1841 सक्रिय केस हैं।
पिछले महीने ही सीजेएम अमित कुमार हापुड़ से स्थानांतरित होकर यहां आए थे। कुछ दिन पहले यही जांच के दौरान संक्रमित पाए गए। इलाज के लिए गृह जनपद मेरठ चले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। शनिवार तड़के उनकी मृत्यु हो गई। यहां सूचना मिलने पर न्यायपालिका और अधिवक्ताओं में शोक छा गया। इनके अलावा बागवाला कोविड अस्पताल एलटू में शनिवार को दो संक्रमितों की मौत हुई है। जबकि चुरथरा कोविड एल-वन में एक संक्रमित की मौत हुई।
कोरोना संक्रमित की बरेली में मौत
शहर निवासी एक व्यक्ति ने पंचायत चुनाव के बाद अपनी कोरोना की जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकले। परिजन इलाज के लिए उन्हें बरेली के एक अस्पताल में ले गए। जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।
- जिले में तीन संक्रमितों की मौत हुई है। वहीं सीजेएम की मृत्यु मेरठ के अस्पताल में हुई है। जिसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। - लोकमन सिंह, प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी।