एटा। गर्मी के कहर से विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के भी मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को थाना मलावन परिसर में खड़े एक ट्रक को स्टार्ट करते समय उसकी बैटरी फट गई। इससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है।
ट्रक चालक सुरजीत निवासी जिटौली रामनगर थाना निधौली कलां ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह माल लेकर एटा से कानपुर की ओर जा रहा था। देर रात एक बिजली के खंभे से ट्रक टकरा गया। जिसकी वजह से खंभा टूट गया। डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और ट्रक को थाने में लाकर खड़ा कर दिया। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार दोपहर के समय चालक सुरजीत के परिजन थाने पहुंचे। जिसके बाद ट्रक को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
उसको स्टार्ट करने के लिए सुरजीत ने जैसे ही बैटरी के तार लगाए, अत्यधिक गर्मी की वजह से शॉर्ट होने से बैटरी फट गई। जिसकी वजह से तेजाब निकलकर सुरजीत के चेहरे पर गिर गया। जिसके कारण वह बुरी तरह से झुलस गया। थाने में मौजूद सिपाही तुरंत ही चालक को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है। संवाद