एटा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे अभियान के तहत विकास खंड अवागढ़ की ग्राम पंचायत गनेशपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई व उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
रात्रि चौपाल की अध्यक्षता विधायक संजीव कुमार दिवाकर ने की। खंड विकास अधिकारी पीएस आनंद ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, राशन कार्ड, आवास व राजस्व संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शैलेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विधायक ने सात दिन में समस्याएं निपटाने की दी चेतावनी
अलीगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने नयागांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। इसमें ग्रामीणों ने किसान सम्मान निधि, विधवा पेंशन, चकमार्ग, उखड़े खड़ंजे, भूमि विवाद सहित अनेक समस्याएं बताईं। इनके निस्तारण के लिए विधायक ने अधिकारियों को सात दिन में निपटाने की चेतावनी दी है।
शनिवार रात को आयोजित चौपाल में करीब आठ बजे पहुंचे विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रशासनिक मशीनरी पर अनेक गंभीर आरोप लगाए। आवास योजना, आयुष्मान योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन पर ग्रामीणों ने चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा गांव की सफाई व्यवस्था बिगड़ी है। संपर्क मार्ग, चकमार्ग, खड़ंजे उखड़े पड़े हैं। विधायक ने नाराजगी जताते हुए विभाग वार शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। चौपाल में बीडीओ शिवशंकर शर्मा, तहसीलदार संजय कुमार, चिकित्साधीक्षक डॉ. अश्वनी मित्तल, समयंक शाक्य भी मौजूद रहे।
जलेसर में रात्रि चौपाल का आयोजन करते विधायक संजीव दिवाकर। संवाद