आशाओं के कार्यक्रम मौजूद आशा कार्यकर्ता
- फोटो : ETAH
एटा। जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में आशा दिवस पर आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ डीएम सुखलाल भारती, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम ने आशाओं को ग्रामीण स्वास्थ्य की अहम कड़ी बताया। डीएम ने कहा कि गर्भ से लेकर जन्म तक आशाओं द्वारा जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाता है। गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण हो या फिर प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों में महिलाओं को पहुंचाना, हर तरफ आशाओं द्वारा गंभीरता से कार्य किया जाता है।
उन्होंने कहा कि आशाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एएनएम द्वारा संयुक्त रूप से कार्य निष्ठा के साथ किया जाए तो निश्चय ही जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं हर हाल में बेहतर हो सकेंगी। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं हैं, अत: आशाओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में अच्छा कार्य किया जाए। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, डीसी मनरेगा पीसी यादव, एसीएमओ डॉ. राम सिंह, डॉ बीडी भिदौरिया, डीटीओ, आशाएं आदि मौजूद रहे।