एटा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के अंतिम दिन छात्रों ने खुशी में जमकर मस्ती की। परीक्षा देकर लौटते समय दो बाइकें आपस में भिड़ गईं। हादसे में तीन छात्रों सहित चार लोग घायल हो गए। दो छात्रों को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव टिकुरिया (मुबारिकपुर निबरुआ) के पास सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में अजय (17) पुत्र रनपाल सिंह, विशाल (18) पुत्र बलवीर सिंह और हरिओम (16) पुत्र सत्यभान सिंह निवासी भरथरी थाना बागवाला और दूसरी बाइक सवार सत्यवीर सिंह (18) पुत्र भारत सिंह निवासी दत्तपुर सकीट घायल हो गया।
सभी छात्र आदर्श इंटर कॉलेज उम्मेदपुर से परीक्षा देकर लौट रहे थे। चारों छात्रों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां विशाल और हरिओम की हालत बिगड़ने लगी तो दोनों को डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। इमरजेंसी चिकित्सक मधुप कौशल ने बताया है कि छात्रों के सिर में गंभीर चोर्टें आइं थीं और पेट में खून जाने से हालत दयनीय होती जा रही थी इसके चलते हायरसेंटर रेफर किया है।