एटा। ऑक्सीजन संकट के बीच जिलावासियों के लिए राहत की खबर आई है। बागवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट को शासन से मंजूरी दे दी है। जिले का यह पहला ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट होगा।
जिले में अभी तक कहीं भी ऑक्सीजन प्लांट नहीं है। जबकि कोविड काल में ऑक्सीजन की मांग और खपत बढ़ी है। अलीगढ़, फिरोजाबाद से ऑक्सीजन की उपलब्धता पर जिला निर्भर है। जबकि जरूरत और मांग के अनुरूप वहां से भी ऑक्सीजन की आपूति नहीं हो पा रही है।
पिछले दिनों प्रशासन नेे ऑक्सीजन प्लांट के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। शासन से दस जिलों में प्लांट स्थापना की मंजूरी दी गई है। जिनमें एटा भी शामिल है। गन्ना आयुक्त की ओर से यह प्लांट स्थापित कराया जाएगा। इसके बारे में अभी और दिशा-निर्देश आना बाकी है। जिससे तय होगा कि स्थापना का कार्य कब और कैसे शुरू होगा।
500 लीटर प्रति मिनट गैस का होगा उत्पादन
जो ऑक्सीजन प्लांट बागवाला सीएचसी में स्वीकृत किया गया है, उसमें 500 लीटर प्रति मिनट गैस का उत्पादन होगा। इससे जिले की मांग आसानी से पूरी हो सकेगी। साथ ही यह अन्य जिलों को आपूर्ति करने में भी सक्षम होगा।
बागवाला सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। शासन से निर्देश मिलने पर प्लांट स्थापना के संबंध में अगली कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. विभा चहल, डीएम