एटा। मारहरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिरसा टिप्पू में निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रभारी डीपीओ राजकुमार मौर्य द्वारा किए गए निरीक्षण में पंचायत भवन से कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य सामान गायब मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीओ पंचायत ने संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ थाना मिरहची में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर सौंप दी है।
राजकुमार मौर्य ने बताया कि निरीक्षण के समय पंचायत सचिवालय की व्यवस्थाएं अत्यंत अव्यवस्थित मिलीं। महत्वपूर्ण सामग्रियों का अभाव देखकर नाराजगी जताते हुए पंचायत सहायक की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए थे। साथ ही सचिव पर भी विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में बुधवार को एडीओ पंचायत ने गायब मिले कंप्यूटर व अन्य सामान के मामले में सचिव पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर थाना पुलिस को दी जिसके बाद मामले की जांच पुलिस स्तर पर शुरू हो गई है। पंचायत संसाधनों की सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से अन्य पंचायतों के लिए कड़ा संदेश है। प्रभारी डीपीआरओ ने कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगा।