एटा। फिलीपींस में होने वाले द्वितीय आसियान इंडिया ग्रासरूट्स इनोवेशन फोरम 2019 में प्रतिभाग करने जिले की बेटी वंदना रविवार देर रात को दिल्ली रवाना हो गई। बीएसए संजय सिंह व परिजनों ने शुभकामनाओं के साथ वंदना को रवाना किया।
नीबू-करोंदा यंत्र के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो चुकी महुआ खेड़ा उच्च प्राथमिक स्कूल की छात्रा वंदना यादव अब फिलीपींस में आयोजित एशियन इनोवेशन फोरम की सुर्खियां बनेगी। इंस्पायर अवार्ड के डीसी व वंदना को दिल्ली छोड़ने जा रहे राजेंद्र सिंह वर्मा, देवेश कुमार और शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि छात्रा को सोमवार दोपहर ग्यारह बजे तक इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचना है।
जहां से राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान की वैज्ञानिक डॉ. नूपुर सोनी के नेतृत्व में देशभर के दस बाल वैज्ञानिक सोमवार रात को फिलीपींस के लिए रवाना होंगे। किसान परिवार की बेटी की प्रतिभा से जिला, प्रदेश ही देश भी गौरवांवित है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी वंदना को सम्मानित कर चुके हैं। वंदना के एयर टिकट, रहने खाने-पीने एवं घूमने का पूरा खर्च नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन वहन करेगा।
क्या है कार्यक्रम
जिला समन्वयक राजेंद्र सिंह के अनुसार फिलीपींस के दावाओ शहर में 20,21 व 22 नवंबर को ऐसियन वैज्ञानिक कार्यशाला है। 23 को देशभर से पहुंच रहे बच्चों को फिलींपींस के प्रमुख दर्शनीय स्थानों पर घुमाया जाएगा। 24 को इनकी दिल्ली वापसी होगी। देश से जाने वाले दस बच्चों में छह छात्राएं एवं चार छात्र हैं।