राजा का रामपुर। क्षेत्र के गांव गढ़िया जगन्नाथ के प्राथमिक विद्यालय की कक्षा एक की बालिका के छुट्टी होने पर घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो उठे। बालिका के लापता होने की खबर पर पुलिस टीम के साथ परिजन उसकी तलाश में जुट गए। पांच घंटे तक तलाश करने पर बालिका घर में सोती हुई मिलने पर परिजन और पुलिस ने रहत की सांस की ली।
गढि़या जगन्नाथ निवासी रोहित की बेटी श्रेया गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ती है। परिवार और गांव के अन्य बच्चों के साथ बृहस्पतिवार को वह स्कूल पढ़ने गई थी, जहां से वह शिक्षकों को बिना बताए चुपचाप घर आ गई। घर में चुपके से घुसकर वह माता-पिता की डांट के डर से बेड के नीचे सो गई। स्कूल की छुट्टी होने पर बालिका जब घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरु हुई। स्कूल जाकर शिक्षकों से पूछने पर बालिका के बारे में ठोस जानकारी न मिलने पर गांव के बच्चों से जानकारी की गई। कुछ पता न लगने पर परिजन परेशान हो उठे, अनहोनी की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचित कर बालिका की तलाश शुरु कर दी गई। आस पास के गांव और रास्तों पर बालिका को तलाशा गया, पांच घंटे तक तलाश करने पर बालिका का सुराग न लगने पर सभी परेशान हो उठे। अचानक किसी की नजर बेड के नीचे जाने पर लापता बालिका सोती हुई मिलने पर फोन पर संपर्क कर तलाश में जुटे सभी लोगों को वापस बुलाया गया। बेड के नीचे सोती हुई बालिका के मिलने पर पुलिस और परिजन ने राहत की सांस ली है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, लोग विद्यालय के शिक्षकों के प्रबंधन पर सवाल कर रहे हैं।