एटा। कोतवाली नगर के सात साल पुराने मुकदमे में जुए का आरोपी जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गया। जमानतदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फाइल को दाखिल दफ्तर कर दिया गया है।
शहर के मोहल्ला मारहरा दरवाजा निवासी नाजिम को पुलिस ने 2017 में जुआ खेलते पकड़ा था। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया। जमानत पर आने के बाद वह तारीखें भी करता रहा, लेकिन बाद में गैरहाजिर हो गया। अदालत ने कोतवाली नगर पुलिस को भेजा। जिस पर पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी चल-अचल संपत्ति बेचकर कहीं बाहर चला गया है। उसको फरार घोषित किया जा चुका है।
विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट योगेश कुमार ने आदेश जारी किया है कि अभियुक्त के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया जाए। जिसे संबंधित थाने को इस आशय से भेजा जाए कि अभियुक्त को गिरफ्तार किए जाने की दशा में न्यायालय के समक्ष उपस्थित कराया जाए। आदेश की प्रति एसएसपी एवं वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी को भी अभिलेखों में दर्ज कराने के लिए भेजी जाए। फाइल को अभिलेखागार में रखवाया जाए।