चोरों ने सोमवार की रात गल्ला मंडी परिसर में धावा बोल दिया। चार दुकानों को निशाना बनाया गया। इन दुकानों से हजारों की नगदी चोरी कर ली गई। चोरी की वारदात से कारोबारियों में आक्रोश फैल गया। कारोबारियों ने प्रदर्शन कर चोरी की वारदात का खुलासा करने की मांग की। खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
चोरों ने दुकानों की जाली तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया। राजेश वार्ष्णेय निवासी लक्ष्मीगंज की दुकान से 15 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। दिलीप निवासी स्टेट बैंक कालोनी की दुकान से तीन हजार रुपये की नकदी, विनय शंकर निवासी गली पचौरियान की दुकान से चार हजार की नकदी, विनय माहेश्वरी निवासी नदरई गेट पुलिस चौकी के पीछे की दुकान से एक हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब सुबह कारोबारी गल्ला मंडी पहुंचे तो वारदात का पता चला। अन्य कारोबारियों का भी जब इस घटना की जानकारी हुई तो सभी कारोबारी एकत्रित हो गए। कारोबारियों ने गल्ला मंडी का एक गेट बंद कर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। सीओ शवीह हैदर, कोतवाली प्रभारी पदम सिंह मौके पर पहुंच गए। कारोबारियों ने पुलिस अधिकारियों से चोरी की वारदात का खुलासा करने की मांग की। खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
गल्ला मंडी में हैं डीएम और एसपी के आवास
कासगंज। गल्ला मंडी परिसर में जिलाधिकारी और एसपी के आवास है। अधिकारियों के आवासों पर पुलिस की गारद भी रहती है। इसके बाद भी चोरी की वारदात हो गई। गल्ला मंडी परिसर में चोरी की यह पहली वारदात नहीं है। पहले भी इस तरह की कई वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन वारदातों का पुलिस खुलासा करने में सफल नहीं हो सकी है।